Thursday, July 28, 2011

सुरजीत ज्याणी की है जीत

अमृत सचदेवा, फाजिल्का

पंजाब सरकार द्वारा फाजिल्का को जिला घोषित करने पर ट्रांसपोर्ट मंत्री व फाजिल्का के विधायक सुरजीत ज्याणी की पहली प्रतिक्रिया थी कि यह फाजिल्का की जनता की जीत है। बयान तो ठीक है लेकिन राजनीतिक दृष्टि से ये जीत सौ फीसदी खुद सुरजीत ज्याणी की जीत मानी जा रही है।

फाजिल्का को जिला बनाने की मांग करीब दो दशक पुरानी है। फाजिल्का बार एसोसिएशन, व्यापार मंडल, बार्डर एरिया विकास फ्रंट व सांझा मोर्चा सहित विभिन्न संगठनों ने समय समय पर इस मांग को उठाया। दो दशक में यहां से चुनाव लड़ने वाले हर नेता ने अपने चुनावी वादे में फाजिल्का को जिला बना दूंगा शब्द जोड़े हैं। लेकिन ये बातें घोषणापत्र की घोषणाएं व मांगें ही सिद्ध हो रही थीं। जिले की मांग की इस आग में घी डालने का काम किया विधायक सुरजीत ज्याणी के मरणव्रत पर बैठने के फैसले ने। ज्याणी मरणव्रत पर क्या बैठे, पूरी सरकार में खलबली मच गई। भाजपा विधायक दल के मौजूदा नेता तीक्ष्ण सूद को जिले का आश्वासन दे ज्याणी को मरणव्रत से उठाना पड़ा। उसके बाद जिले की मांग को लेकर ज्याणी ने या जिला या राजनीति छोड़ दूंगा, का अंतिम हथियार तक चला डाला। घोषणा की समय सीमा मार्च में खत्म होने के बाद विपक्षी पार्टियों व विभिन्न संगठनों ने ज्याणी की आलोचना तक शुरू कर दी। लेकिन हर बार आत्मविश्वास के साथ उन्होंने जिला बनाने का दावा नहीं छोड़ा। तीन चार महीने में पूरे विधानसभा हलके में एक ही मुद्दा रह गया था, वो था फाजिल्का जिला बनेगा या नहीं। ज्याणी का राजनीतिक भविष्य जिला बनने या न बनने पर टिका था और बुधवार को जिला बनने के बाद फाजिल्का शहर में जहां करीब 44 हजार वोट हैं व फाजिल्का उपमंडल के कुछ पुराने गांव, जिनकी करीब 30-35 हजार वोटें हैं, में राजनीतिक पंडित ज्याणी को माइलेज मिलने का दावा कर रहे हैं।
----

पूर्व कांग्रेसी विधायक ने जताया मुख्यमंत्री का आभार

फाजिल्का : कांग्रेस के पूर्व कांग्रेसी विधायक डा. महेंद्र रिणवा ने फाजिल्का के जिला बनने के बाद मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल का आभार जताया। उन्होंने कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को भी इस मुहिम के साथ जोड़ते हुए, उन्हें धन्यवाद दिया। डा. रिणवा ने जल्द से जल्द इस बारे नोटिफिकेशन जारी करने की मांग करते हुए कहा कि फाजिल्का की तरक्की के लिए कांग्रेस हमेशा वचनबद्ध है। लेकिन इस सारे एपीसोड में मुख्य भूमिका निभाने वाले भाजपा विधायक सुरजीत ज्याणी का पूरे प्रैसनोट में कहीं कोई जिक्र नहीं था।

No comments: